असम के युवा क्रिकेटर रियान पराग को अक्सर अपने प्रदर्शन के कारण
आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है। खास तौर पर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स
के लिए पिछले लगातार 4 साल से खेलने के बावजूद वो कोई बड़ा असर नहीं डाल
सके हैं। ऐसे में किसी भी मैच में उनके प्रदर्शन पर फैंस और आलोचनकों को
तीखी नजरें होती हैं। इस बार रियान पराग ने एक दमदार प्रदर्शन से सबको
मुंह बंद करने के लिए मजबूर कर दिया है, वो भी मैच जिताने वाला ऑलराउंड
प्रदर्शन।
देवधर ट्रॉफी में रियान पराग ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने ईस्ट जोन की
ओर से खेलते हुए नॉर्थ जोन के खिलाफ 84 गेंद पर शतक जड़ दिया। पराग ने
102 गेंद की पारी में 131 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और 11
छक्के लगाए। पराग ने पुडुचेरी में खेले गए इस मुकाबले में छक्कों की
बारिश कर दी। उन्होंने भारत के पूर्व बल्लेबाज यूसुफ पठान का 13 साल
पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।रियान पराग देवधर ट्रॉफी की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले
बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने यूसुफ पठान को पीछे छोड़ दिया।
पठान ने 2010 में वेस्ट जोन की ओर से खेलते हुए नॉर्थ जोन के खिलाफ नौ
छक्के लगाए थे। वहीं, श्रेयस अय्यर ने इंडिया बी के लिए इंडिया सी के
खिलाफ 2018 में आठ छक्के उड़ाए थे।
अगर इतना काफी नहीं था तो रियान ने इसके बाद अपनी ऑफ स्पिन से नॉर्थ के
बल्लेबाजों को फंसा दिया। 21 साल के ऑलराउंडर ने लगातार दूसरे मैच में 4
विकेट अपने नाम किये। रियान मिडिल ऑर्डर के तीन प्रमुख बल्लेबाजों के
विकेट हासिल करते हुए नॉर्थ जोन की रफ्तार पर ब्रेक लगाया और फिर 249
रनों पर ढेर करते हुए ईस्ट जोन को 88 रनों से यादगार जीत दिलाई।