इस समय हर किसी की निगाहें विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर टिकी हैं। वह आईपीएल में खेलने की घोषणा कर चुके हैं। उसके बाद से ही वह चर्चा का विषय बने हुए हैं। पिछले साल दिसम्बर में वह दिल्ली से रूड़की जा रहे थे तो उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पंत को सिर और पैर में गम्भीर इंजरी हुई। साथ ही घुटने का भी ऑपरेशन हुआ। पंत फिलहाल एनसीए में विशेषज्ञों की देखरेख में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
पंत ने अपना लेटेस्ट वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वह जिम में ट्रैड मील पर दौड़ते दिख रहे हैं। साथ ही स्कवैट, डेडलिफ्ट और बेंच प्रेस करते उन्हें देखा जा सकता है। इससे पहले भी वह सोशल मीडिया पर अपने वीडियो शेयर करते रहते हैं जिससे उनकी मौजूदा स्थिति का पता चलता रहता है। कभी वह स्वीमिंग पूल का वीडियो डालते हैं तो कभी वेट ट्रेनिंग के। एक वीडियो में तो वह साइक्लिंग करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पहला वीडियो 10 फरवरी को पोस्ट किया था। वह छत पर स्टिक के सहारे चलते दिखे थे।
ऋषभ पंत दुर्घटना के बाद से साल भर से क्रिकेट से दूर हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें अगले सीज़न के लिए बतौर कप्तान रिटेन किया है। पंत कह भी चुके हैं कि वह इस सीज़न से वापसी करेंगे। यह सीजन मार्च-अप्रैल में शुरू हो सकता है। ज़ाहिर है कि ज़्यादा समय नहीं है। यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह पूरी तरह से उबर जाएंगे। इस आईपीएल के लिए मिनी ऑक्शन 19 दिसंबर को दुबई में होंगे।
आपको याद होगा कि ऋषभ पंत 30 दिसंबर को सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे थे। उनकी मर्सिडीज कंट्रोल में न रहने से वह डिवाइडर से टकरा गई थी। उसके बाद वह पलट भी गई और उसमें आग लग गई। पंत तब कार की खिड़की तोड़कर बाहर निकले। उन्हें सिर, पैर और पीछे गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार दुर्घटना से पहले उन्हें झपकी लग गई थी।