स्मृति मंधाना बनीं आईसीसी महिला वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर

0
31

 

हिमांक द्विवेदी 

 

भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को 2024 में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए आईसीसी महिला वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है। यह चौथा मौका है जब स्मृति को आईसीसी के किसी पुरस्कार के लिए चुना गया है। पहली बार उन्हें यह पुरस्कार 2018 में हासिल हुआ था।

आईसीसी द्वारा सोमवार को घोषित किए गए इस पुरस्कार में मंधाना ने श्रीलंका की चमारी अथापट्टू, ऑस्ट्रेलिया की अन्नाबेल सदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोलवार्ट्ट को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान अपने नाम किया। 2024 में मंधाना का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। खासकर जब उन्होंने मुश्किल हालात में विरोधी देशो के खिलाफ टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।

 

स्मृति ने 2024 की शुरुआत में ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो सेंचुरी और एक हाफ सेंचुरी जड़ी। इस शानदार शुरुआत के बाद उन्होंने अक्टूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के निर्णायक मैच में भी एक और महत्वपूर्ण सेंचुरी बनाई। दिसम्बर में एक और बड़ा प्रदर्शन मंधाना ने किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में उन्होंने 105 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि वह अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सकीं। इसके बावजूद उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया।

 

2024 में मंधाना ने 747 रन बनाए। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ आंकड़ा है। 13 मैचों में 57.46 के औसत से 747 रन को बनाने के साथ-साथ उनकी स्ट्राइक रेट 95.15 रही। इन आंकड़ों से साफ है कि मंधाना भारत की सबसे मजबूत बल्लेबाजों में से एक हैं। स्मृति मंधाना ने 2024 में चार सेंचुरी लगाई। यह महिला क्रिकेट में एक रिकॉर्ड है। इस साल उन्होंने कुल 95 चौके और छह छक्के लगाए।

 

मंधाना का सबसे खास प्रदर्शन दिसम्बर 2024 में हुआ, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 105 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 14 चौके और एक छक्का लगाया। उनका यह प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक यादगार पल बन चुका है। इसके अलावा स्मृति ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ 91 और 53 रन की दो बढ़िया पारियां खेलीं। उनके इस प्रदर्शन ने भारतीय महिला क्रिकेट को एक नई दिशा दी है। स्मृति मंधाना की इस शानदार सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत का बड़ा हाथ है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here