आर्यन कपूर
भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली पर्थ में एक अलग माइंडसेट से मैदान पर उतरे थे। पर्थ के मैदान पर विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर की 30वीं और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने करियर की 81वीं सेंचुरी बनाई थी। उस पारी से पहले विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में स्ट्रगल कर रहे थे लेकिन अब उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली है। एडिलेड में विराट के पास दो दिग्गजों का रिकॉर्ड तोड़ने का बड़ा मौका होगा।
सर विवियन रिचर्ड्सन का रिकॉर्ड तोड़ेंगे
विराट कोहली जब भी ऑस्ट्रेलिया जाते हैं तो उनके बल्ले से हर बार एक नया रिकॉर्ड बनता है। एडिलेड में उनका रिकॉर्ड कमाल का है। विराट ने एडिलेड के मैदान पर 15 पारियों में पांच सेंचुरी जड़ी हैं। टेस्ट में भी विराट ने एडिलेड में तीन सेंचुरी लगाई हैं। विराट के नाम टेस्ट क्रिकेट में एडिलेड के मैदान पर चार मैचों में 509 रन हैं। साल 2014 में विराट ने एडिलेड टेस्ट की दोनों पारियों में उन्होंने सेंचुरी जड़ने का कमाल किया था। उनका औसत एडिलेड ओवल में 63.62 का है। इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में विराट तीसरे नंबर पर हैं। विराट से आगे सर विवियन रिचर्ड्स और ब्रायन लारा हैं। सर विवियन रिचर्ड्स के नाम एडिलेड के मैदान पर 552 रन है और ब्रायन लारा इस सूची में सबसे ऊपर हैं और उनके नाम 610 रन हैं। विराट के पास इस सूची में सबसे ऊपर पहुंचने का मौका है और इसके लिए विराट को 101 रन की जरूरत है।
विराट का फॉर्म
विराट कोहली काफी समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही उन्होंने आलोचकों का मुंह अपने शानदार प्रदर्शन से बंद कर दिया है। पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 143 गेंदों पर सेंचुरी लगाई। विराट कोहली के अच्छे प्रदर्शन से टीम मैनेजमेंट काफी रिलैक्स हुई होगी क्योंकि विराट के बल्ले से रन आना भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित होता है। विराट कोहली मिडिल ऑर्डर में मजबूती और बैलेंस लाने का काम करते हैं। ऐसे में एडिलेड टेस्ट में अगर विराट कोहली रन बनाते हैं तो भारतीय टीम मौजूदा सीरीज में बढ़त बना सकती है। भारत पर्थ में जीत हासिल करने के बाद भारत WTC के पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है।