अनीशा कुमारी
2019 में भारत के वर्ल्ड कप जीतने के सपने को तोड़ने वाले मार्टिन गप्टिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट ले ली है।
मार्टिन गुप्टिल ने 38 की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। भारत के वर्ल्ड कप जीतने के सपने को तोड़ने वाले गप्टिल के डायरेक्ट थ्रो से ही भारत 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में हार गया था। हालांकि वह दुनिया भर की टी-20 लीग में खेलते नजर आएंगे।
रिटायरमेंट की अनाउंसमेंट करने के साथ ही गप्टिल ने कहा, जब वह छोटे थे तो न्यूजीलैंड के लिए खेलना उनका सपना था और वह न्यूजीलैंड के लिए 367 मैच खेलकर खुद को भाग्यशाली महसूस करते हैं। मार्टिन गप्टिल ने कहा कि वे इस याद भरे सफर को कभी नही भूलेंगे।
2019 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 9 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड में खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 239 रन का टारगेट स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में भारत ने 49.3 ओवर में 221 रन बना लिए। उस समय क्रीज पर एमएस धोनी थे जो 50 के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन गप्टिल के डायरेक्ट थ्रो की वजह से भारत वर्ल्ड कप से बाहर हो गया।
गुप्टिल वनडे डेब्यू मैच में सेंचुरी बनाने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी हैं। आईसीसी विश्व कप 2015 के वेलिंगटन में खेल गए मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने क्वार्टर फाइनल में 237 रन की पारी खेली। इस दौरान वनडे में डबल सेंचुरी बनाने वाले वह न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी भी बने।
14 साल के लंबे करियर में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के लिए तीनों फॉर्मेट मिलाकर 367 मैच खेले जिसमें उनकी 23 अंतरराष्ट्रीय सेंचुरी भी शामिल हैं। गप्टिल ने 47 टेस्ट में 2,586 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ 189, 2011 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 109 और 2015 में श्रीलंका के खिलाफ 156 रनों की पारी खेली। गप्टिल ने 122 मैचों में 3,531 रन के साथ न्यूजीलैंड के सबसे सफल टी-20 बल्लेबाज के रूप में अपना करियर खत्म किया। उन्होंने वनडे 7,346 में रन बनाए और रॉस टेलर और स्टीफन फ्लेमिंग के बाद वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।