जब से रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या मुम्बई इंडियंस के कप्तान बने
हैं, तब से हर तरफ यही चर्चा है कि यह सब सर्वसम्मति से हुआ या यह फैसला
रोहित शर्मा पर थोपा गया है। सच तो यह है कि हार्दिक पांड्या इसी शर्त पर
मुम्बई इंडियंस में आए थे कि उन्हें टीम का कप्तान बनाया जाएगा।
जहां तक रोहित शर्मा का सवाल है, वह 2013 से 2023 तक टीम के कप्तान रहे।
आईपीएल 2008 में शुरू हुआ लेकिन पिछले एक दशक में हिटमैन रोहित शर्मा ने
मुंबई को आईपीएल की सबसे सफल टीम के रूप में स्थापित किया। मुंबई इंडियंस
ने अपने सभी पांच खिताब रोहित की कप्तानी में ही जीते।
पहली बार आईपीएल 2013 के बीच में ही रोहित शर्मा को मुंबई की कप्तानी
संभालनी पड़ी। 2011 और 2012 में मुंबई इंडियंस में बड़े-बड़े खिलाड़ी होने
बाद भी प्लेऑफ तक नहीं पहुच पाई। 2013 में रिकी पॉन्टिंग की कप्तानी में
टीम ने शुरुआती छह में से तीन मैच जीते लेकिन बतौर बल्लेबाज पॉन्टिंग का
प्रदर्शन लगातार खराब रहा। ऐसे में उन्होंने कप्तानी छोड़ने का फैसला
किया। सातवें मैच में उनके स्थान पर कोलकाता के खिलाफ मुकाबले से पहले
रोहित शर्मा को कप्तानी सौंपी गई। यहां से मुंबई इंडियंस के सुनहरे सफर
की शुरुआत हुई।
मुंबई इंडियंस के लिए जो काम सचिन तेंडुलकर, हरभजन सिंह और रिकी पॉन्टिंग
जैसे बड़े खिलाड़ी नहीं कर सके, वह काम रोहित शर्मा ने कर दिखाया। रोहित
ने आते ही पहले सीजन में टीम को पहली बार चैम्पियन बनाया। रोहित यहीं
नहीं रुके। 2015 में मुंबई इंडियंस दूसरी बार चैम्पियन बनी। 2016 आईपीएल
टीम के लिए खास नहीं रहा। टीम पांचवें नंबर पर रही और प्लेऑफ में भी जगह
नहीं बना पाई। आईपीएल 2017 में मुंबई ने तीसरी बार कप जीता। अगले आईपीएल
सीजन में बिल्कुल 2016 वाला प्रदर्शन रहा टीम पांचवें स्थान पर रही लेकिन
अगले दोनों सीजन 2019 और 2020 में खिलाफ जीतकर आईपीएल की सबसे सफल टीम
बनी। इस तरह मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग के बाद टाइटल डिफेंड करने
वाली दूसरी टीम बनी।
आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक विनिंग परसेंटेज के मामले में रोहित
शर्मा दूसरे नंबर पर है। उनसे ऊपर चेन्नई सुपर किंग के कप्तान महेंद्र
सिंह धोनी ही हैं। धोनी ने आईपीएल में बतौर कप्तान 212 मैचों में 128 मैच
जीते हैं। उनका विनिंग परसेंटेज 60.38 है। रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस
के लिए बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीते हैं। उन्होंने 158 मैचों में 87
मुकाबलों में जीत हासिल की है। विनिंग परसेंटेज 55.06 है।
पिछले तीन सीजन से मुंबई इंडियंस को छठा खिताब नसीब नहीं हो सका। अब
रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को टीम का कप्तान बनाया गया है।
मुंबई इंडियंस को छठी बार आईपीएल टाइटल जिताने की जिम्मेदारी हार्दिक
पांड्या पर हैं।