~आशीष मिश्रा
22 साल के यशस्वी जायसवाल अपने छोटे से करियर में अब तक कई रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। वह न केवल एक मजबूत तकनीक वाले बल्लेबाज़ हैं बल्कि धैर्य से लंबे अरसे तक बल्लेबाज़ी करने का हुनर भी बखूबी जानते हैं। फॉर्मेट के हिसाब से बल्लेबाज़ी करने की कला उन्हें एक संपूर्ण बल्लेबाज़ बनाती है जो न केवल अभेद डिफेंस तकनीक रखता है बल्कि तेज बल्लेबाज़ी और ताकतवर शार्ट लगाने में भी माहिर है। अब धर्मशाला में होने वाले पांचवें टेस्ट मैच में एक और रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब हैं।
एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में इस वक्त वह तीसरे स्थान पर हैं। वह 2024 के शुरुआती दो महीनों में 23 छक्के लगा चुके हैं। इस सूची के पहले पायदान पर न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी और इंग्लैंड के वर्तमान कोच ब्रैंडन मैकुलम हैं, जिन्होंने 2014 में 33 छक्के लगाए थे। दूसरे पायदान पर इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी और कप्तान बेन स्टोक्स हैं जो 2022 में 26 छक्के लगा चुके हैं।
इस सूची में यशस्वी पहले ही ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज़ एडम गिलक्रिस्ट (2005 में 22 छक्के) को पीछे छोड़ चुके हैं। इस सूची में दो भारतीय खिलाड़ी – वीरेंद्र सहवाग और ऋषभ पंत को पीछे छोड़ चुके हैं। सहवाग ने 2008 में 22 छक्के लगाए थे और ऋषभ पंत ने 2022 में 21 छक्के लगाने का कमाल किया था।
हाल ही में उन्होंने राजकोट में डबल सेंचुरी लगाई थी जिसमें उन्होंने वसीम अकरम के 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 12 छक्के लगाने की रिकार्ड की बराबरी भी की थी। वह कितनी शानदार फॉर्म में हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। वह चार मैचों की आठ पारियों में 655 रन बना चुके हैं जिसमें वह 63 चौके और 23 छक्के जड़ चुके हैं। इस साल भारत को काफी टेस्ट मैच खेलने हैं तो यह मानना गलत नहीं होगा कि यशस्वी जायसवाल एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के साथ ही इस रिकॉर्ड को भी जल्द ही तोड़ देंगे।