आशीष मिश्रा
आरसीबी ने आईपीएल के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। विराट कोहली बेंगलुरु पहुंचकर टीम के साथ जुड़ गए हैं। विराट कोहली ने टीम के साथ जमकर पसीना बहाया। पहले दिन वह फील्डिंग का अभ्यास ज्यादा करते हुए नज़र आए। विराट लंबे समय से क्रिकेट से दूर थे। उनका आरसीबी कैंप के साथ जुड़ना टीम के लिए बहुत अच्छी खबर है। 19 मार्च को बेंगलुरु में आरसीबी ‘अनबॉक्स’ इवेंट का आयोजन होने वाला है। विराट इस इवेंट में भी नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इवेंट में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के नए नाम का भी ऐलान किया जा सकता है।
विराट ने आरसीबी के होम ग्राउंड चिन्नास्वामी स्टेडियम में टीम के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने दाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल के साथ फुटबॉल खेले और जमकर पसीना बहाया। विराट इस सत्र के दौरान अपने पुराने रंग में नजर आए और नेट्स पर भी उन्होंने जमकर अभ्यास किया। विराट हमेशा से ही नेट्स पर पहले कुछ गेंद खेलते हैं और उसके बाद थ्रोडाउन पर जमकर बल्लेबाजी करते हैं। बाद में वह पूरी तरह गेंदबाजों पर बल्लेबाजी करते हैं। कोहली अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण लंदन में मौजूद थे। वह इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भी टीम के साथ नहीं जुड़ पाए थे। वह हाल ही में हिंदुस्तान लौटे हैं और लौटते ही उन्होंने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
विराट कोहली आईपीएल के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। विराट ने 237 मैचों की 229 पारियों में सबसे ज्यादा 7263 रन बनाए हैं। उनके नाम आईपीएल में 7 सेंचुरी और 50 हाफसेंचुरी हैं। वह पहले आरसीबी के कप्तान भी थे। अपने लाजवाब प्रदर्शन के बावजूद भी वह टीम को अभी तक आईपीएल की ट्रॉफी नहीं जिता पाए हैं। महिला आरसीबी टीम के जीतने के बाद अब फैंस को इस बार उनसे बहुत ज्यादा उम्मीदें होंगी।