आर्यन कपूर
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवम्बर से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आगाज होने जा रहा है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों और ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ियों के खट्टे-मीठे रिश्तों की कहानियां एक बार फिर जिंदा हो गई हैं। इन्ही कहानियों की सूची में एक कहानी विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल की है। दरअसल, ऑस्ट्रेलियन ऑल-राउंडर ने अपनी किताब ‘द शोमैन’ में बताया कि एक समय विराट कोहली ने उन्हें इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था।
रांची टेस्ट में भिड़े थे दोनों खिलाड़ी
2017 की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शानदार टेस्ट क्रिकेट के साथ-साथ तकरार के लिए भी जानी जाती है। उस सीरीज के तीसरे टेस्ट में विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल आपस में भिड़ गए थे। दरअसल, रांची टेस्ट में विराट कोहली ने फील्डिंग करते समय डाइव लगाकर गेंद को बाउंड्री तक जाने से रोकने की कोशिश की थी। इस दौरान कोहली अपने दाहिने कंधे पर गिरे और चोटिल हो गए थे। इसी का मजाक बनाते हुए मैक्सवेल ने कोहली की इंजरी का मज़ाक उड़ाया और उनकी तरफ इशारा किया जिसके बाद इन दोनों खिलाड़ियों के बीच शब्दों के बाण चले थे।
इस घटना के बाद विराट कोहली ने ग्लेन मैक्सवेल को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था। मैक्सवेल ने अपनी किताब में इस पूरी घटना का जिक्र करते हुए बताया कि विराट और मैक्सवेल मैच के बाद मिले थे और इस घटना पर चर्चा की थी।
अब अच्छे दोस्त हैं कोहली-मैक्सवेल
ऑस्ट्रेलियन ऑल-राउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अपनी किताब ‘द शोमैन’ में अपने और विराट कोहली के रिश्तों पर बात की है। उन्होंने बताया जब चार साल पहले मैक्सवेल आरसीबी का हिस्सा बने थे, तब विराट पहले इंसान थे जिन्होंने उनको मेसेज कर टीम में उनका स्वागत किया था। साथ ही उन्होंने बताया कि उनके आरसीबी में शामिल होने के पीछे विराट की अहम भूमिका रही है। उनके और विराट के मौजूदा रिश्ते काफी अच्छे हैं।