आशीष मिश्रा
भारतीय क्रिकेट में एक नए स्पीड स्टार की एंट्री हो गई है। 21 साल के मयंक यादव ने पंजाब के खिलाफ 156 की रफ्तार से गेंद फेंक कर हर किसी को हैरान कर दिया। पहले ही मैच में मयंक अपनी रफ्तार की वजह से चर्चा में आ गए हैं। इसके बाद से हर कोई इस गेंदबाज के बारे में जानना चाह रहा है। पंजाब के खिलाफ मैच में मयंक ने तीन विकेट भी झटके। उन्होंने जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह और जितेश शर्मा को पवेलियन भेजा। इस दमदार प्रदर्शन की वजह से मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
कौन हैं मयंक यादव
मयंक यादव का जन्म 17 जून, 2002 को दिल्ली में हुआ था। वह दिल्ली के पंजाबी बाग में रहते हैं। शनिवार को पंजाब के खिलाफ इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकने वाले मयंक को बचपन से ही रफ्तार पसंद है। वह जब आसमान में रॉकेट या प्लेन को उड़ता देखते थे तो काफी रोमांचित होते थे। वह दिल्ली के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। राइट आर्म के तेज गेंदबाज मयंक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने दमदार प्रदर्शन की वजह से सुर्खियों में आए थे। उन्होंने 17 फर्स्ट क्लास मैचों में 34 विकेट चटकाए हैं। मंयक साउथ अफ्रीका तेज़ गेंदबाज़ डेल स्टेन को अपना आईडल मानते हैं।
मयंक यादव लखनऊ सुपर जायंट्स में जुड़ने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के नेट गेंदबाज थे। वह दिल्ली के लिए नेट में गेंदबाजी में करते थे। वहीं उन्हें लखनऊ के पूर्व सहायक कोच विजय दाहिया ने देखा और वह उनसे काफी प्रभावित हुए। जब दहिया लखनऊ में आए तो उन्होंने इस गेंदबाज के बारे में बताया। हालांकि, पिछले सीजन मयंक इंजरी की वजह से नहीं खेल सके थे लेकिन इस बार जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने अपनी रफ्तार से हर किसी को अपना दीवाना बना दिया। वैसे तो आईपीएल में उमरान मलिक ने भी 150 की रफ्तार से गेंद फेंकी थी पर वह टीम इंडिया में लंबे समय के लिए जगह नहीं बना पाए। मयंक की खास बात यह है कि वह बाउंसर और शॉर्ट पिच गेंदों का इस्तेमाल बहुत अच्छे से करते हैं। उनका अपनी गेंदों पर कंट्रोल भी बहुत अच्छा है। उम्मीद है कि वह आने वाले समय में इसी तरह रफतार से गेंदबाजी करते रहेंगे और जल्द ही भारत के लिए भी खेलते हुए नजर आएंगे।